जैसलमेर में बाजार बंद, घरों में रहने की अपील
बॉर्डर से सटे राजस्थान के जैसलमेर जिले में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं। जिन्हें भारतीय सेना नाकाम कर रही है। शुक्रवार को पाकिस्तान के हमले के बीच शहर में पूरी रात ब्लैक आउट रहा। पोकरण में पाकिस्तानी ड्रोन का मलबा भी मिला है। यहां कल शाम करीब पांच बजे ही बाजार बंद करा दिए गए थे। वहीं, आज शनिवार को जैसलमेर अलर्ट पर है। सरहदी इलाकों में ड्रोन हमले की आशंका को देखते हुए जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह के निर्देश पर बाजार बंद करवा दिया गए हैं। सभी तरह के आयोजन पर रोक लगा दी गई है। कलेक्टर ने लोगों को बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
ये भी पढ़ें:
'डर किस बात का, नौ साल का था तब युद्ध देखा', बॉर्डर पर ऐसा है लोगों का जज्बा
बाड़मेर में रेड अलर्ट, लॉकडाउन जैसे हालात
पाकिस्तान की ओर से हमले की आशंका को देखते हुए बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बाजार बंद कराए गए हैं। लोगों को घर में रहने के लिए कहा गया है। आमजन को तुरंत अपने घरों में जाने के आदेश दिए गए हैं। शनिवार सुबह पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले किए गए जिनको नाकाम कर दिया गया। इससे पहले शुक्रवार रात को भी पाकिस्तान की ओर से हमले किए गए, जिन्हें सेना ने नाकाम कर दिया गया। पूरी रात शहर में सायरन बजते रहे और ब्लैक आउट रहा। शहर के बलदेव नगर मोहल्ले में बम जैसे कोई संदिग्ध वस्तु मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
भारतीय सेना ने हवा में मार गिराए पाकिस्तानी ड्रोन, पूरे जिले में कंप्लीट ब्लैक आउट, सेना सतर्क
श्रीगंगानगर में भी रेड अलर्ट, प्रशासन बोला- अफवाहों पर ध्यान न दें
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां, भी पाकिस्तान की ओर से हमले की आशंका जताई जा रही है। जिला कलेक्टर की ओर से लोगों को घरों में रहने की अपील की गई है। पुलिस सड़कों पर उतरकर लोगों को घर भेज रही है। जिले में मुख्य बाजार बंद करा दिया गया है। इससे पहले शुक्रवार रात को शहर में ब्लैक आउट रहा, बार-बार सायरन बजते रहे। जिला प्रशासन ने एक्स कर कहा- वर्तमान परिपेक्ष में अफवाहों पर ध्यान न दें। इंडियन आर्म्स फोर्सड किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। भ्रामक और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी तरह का पैनिक न करें। सावधान रहें, सतर्क रहें, जागरूक रहें।
हनुमानगढ़ में रेड के बाद अब ग्रीन अलर्ट
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे तक हनुमानगढ़ जिला रेड अलर्ट पर था। यहां, पाकिस्तान की ओर से हमले की आशंका जताई गई थी। लेकिन, अब जिले में ग्रीन अलर्ट घोषित किया गया है। जिला कलेक्टर काना राम ने लोगों से संदिग्ध या लावारिस वस्तु, हथियारों के टुकड़े इत्यादि दिखाई देने पर तुरंत जिला प्रशासन को (01552-260299 पर) सूचित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी संदिग्ध वस्तु के पास न जाए। भीड़ इक्कठी न करें और अफवाहों से दूर रहे।
ये भी पढ़ें:
जयपुर मेट्रो में बम की धमकी, एजेंसियां अलर्ट; ई-मेल में किया गया 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र
मिसाइलनुमा संदिग्ध वस्तु आसमान से गिरी।
- फोटो : अमर उजाला
बायतु के पास मिली 15 फीट लंबी मिसाइलनुमा संदिग्ध वस्तु
बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पीराणी सांईयों की ढाणी (परेऊ) में एक संदिग्ध वस्तु मिली। ग्रामीणों के अनुसार यह वस्तु रात के समय आसमान से गिरी है। यह वस्तु करीब 15 फीट लंबी और मिसाइल जैसी प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही गिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया। अब संदिग्ध वस्तु की जांच की जा रही है।
सरहदी जिलों में रेजिडेंट डॉक्टर्स की नियुक्ति
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को देखते हुए राजस्थान सरकार ने सीमावर्ती जिलों में सीनियर रेजिडेंट्स डॉक्टर्स की नियुक्ति की गई है। बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, गंगानगर, फलोदी और जोधपुर में 336 रेजिडेंट्स डॉक्टर्स की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, प्रदेश के ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने सभी जिला ड्रग कंट्रोलरों से दवाइयों, सर्जिकल आइटम और ऑक्सीजन के स्टॉक की जानकारी भी मांगी है।