हनुमानगढ़ की नोहर थाना पुलिस ने दस-दस हजार रुपये के इनामी दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी बोलेरो चोरी के मामले में वांछित थे। नोहर पुलिस थाना प्रभारी ईश्वरानंद ने बताया कि शिवचरण रेगर निवासी मालिया ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपनी बोलेरो गाड़ी नंबर आरजे-31 यूए- 3252 को तहसील परिसर नोहर में खड़ी कर जमीन की रजिस्ट्री के लिए तहसील कार्यालय में चला गया। कुछ देर बाद वापस आया तो गाड़ी गायब मिली।
इसी तरह निराणाराम निवासी जबरासर ने रिपोर्ट दी कि उसने अपनी बोलेरो गाड़ी नंबर आरजे-08 यूए-0171 को शिवाजी बस स्टैंड नोहर में खड़ी की थी। वापस आया तो गाड़ी गायब मिली। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों रिपोर्ट पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। दोनों प्रकरणों में सफलता हासिल करते हुए सुरेन्द्र उर्फ धोलू (21) पुत्र दयाराम धानक, निवासी बरासरी पीएस नाथूसरी चौपटा हरियाणा व जयवीर (42) पुत्र श्रीचन्द जाट निवासी ख्योवाली तहसील कालांवाली पीएस ओडा जिला सिरसा को पूर्व में गिरफ्तार कर चोरीशुदा बोलेरो गाड़ियां बरामद की गई।
प्रकरणों में अन्य दो वांछित अपराधियों की दस्तयाबी के लिए पुलिस टीम की ओर से कई बार दबिश दी गई, मगर आरोपी नहीं मिले। थाना प्रभारी ईश्वरानंद के अनुसार, भरसक प्रयास के बावजूद आरोपी की दस्तयाबी नहीं होने पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित करवाया गया। नोहर कस्बे में बढ़ रही चोरी की वारदातों को मद्देनजर रखते हुए थाना स्तर पर वांछित अपराधियों की गिरफतारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
आरोपियों की पतारसी कर प्रकरण में सफलता हासिल करते हुए मंगलवार रात को बोलेरो चोरी के प्रकरणों में वांछित अपराधी अजय कुमार (21) पुत्र सुभाष चन्द्र जाट व अक्षय कुमार (24) पुत्र सुभाष चन्द्र जाट निवासी नथोर पीएस ऐलनाबाद जिला सिरसा हाल बरासरी पीएस नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा को गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राजेश सिंह, प्रताप सिंह, रविन्द्र, कांस्टेबल रमेश कुमार, कैलाश चन्द्र व प्रमोद कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में थाना के आसूचना अधिकारी कांस्टेबल रमेश कुमार की विशेष भूमिका रही।