राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत शनिवार को जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव और युवा सम्मेलन का वीसी के जरिए सीधा प्रसारण किया गया।
सम्मेलन में भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की सौगातें दे रही है। यह पांचवां रोजगार उत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें रोजगार पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। बेनीवाल ने कहा कि 30 मार्च को वृहद राजस्थान के गठन उपलक्ष्य में हम राजस्थान दिवस मनाते हैं। सौभाग्य से इस बार भी वही शुभ संयोग बन रहा है। इस साल से मुख्यमंत्री ने नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही राजस्थान दिवस मनाए जाने का अभूतपूर्व और लोकप्रिय फैसला लिया है।
ये भी पढ़ें:
जोबनेर के प्राचीन ज्वाला माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब, नवरात्रि पर विशेष पूजन का आयोजन
शिक्षा, रोजगार और नशामुक्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध
जिला कलेक्टर काना राम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा को लेकर बड़ी सौगात दी है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा स्कूल और कॉलेज की शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक कॉलेज और स्कूल में ‘नई किरण’ नशामुक्ति केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई है, जो नशामुक्ति प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाएगी। युवाओं के बेहतर रोजगार के लिए स्किल और युवा नीति जारी की गई है, जो उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता प्रदान करेगी। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकीय सेवा में आने के बाद आपका दायित्व बनता है कि आप जनता के लिए कार्य करें। यदि, आप अच्छा कार्य करेंगे तो सरकार और प्रशासन की छवि और अधिक सशक्त होगी तथा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य होगा। इसके साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि राजकीय कार्यों के साथ-साथ हमें अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संदेश दिया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान की गई मेहनत को भूलने की बजाय, राजकीय सेवा में कार्यरत रहते हुए भी दोगुनी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
211 नवचयनितों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में छात्रावास अधीक्षक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट एवं एएनएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में महिला पर्यवेक्षक, शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य, पंचायती राज में ग्राम विकास अधिकारी सहित कनिष्ठ लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ अभियंता के पद पर चयनित जिले के कुल 211 नवचयनितों को नियुक्ति पत्र एवं शुभकामना संदेश प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, जिला कलेक्टर काना राम, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोदी, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू, कैलाश मेघवाल, अमित साहू, विकास गुप्ता, गुलाब सिंवर, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, आयुक्त सुरेंद्र यादव, सीएमएचओ डॉ. कुलदीप बराड़, आईसीडीएस उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी, सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:
10वीं शताब्दी में बना प्राचीन दाढ़ देवी मंदिर, फसल के लिए लाभदायक है यहां के कुंड का जल
मुख्यमंत्री ने युवाओं को दी सौगातें
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा वर्ग को कई सौगातें देते हुए विभिन्न विभागों में नव चयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। प्रदेशभर में 7,800 से अधिक कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान' का शुभारंभ किया। इस दौरान अभियान से संबंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन और विवरणिका का विमोचन किया गया। शर्मा ने शिक्षा विभाग के दो ऐप एवं आरएसओएस अंतर्गत ऑन-डिमांड परीक्षा तथा डिजिटल प्रवेश उत्सव का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को बैग एवं यूनिफॉर्म की डीबीटी की शुरुआत की। कार्यक्रम में युवा नीति एवं स्किल नीति का विमोचन, निजी क्षेत्र में रोजगार पर 10,000 रुपये की सहायता हेतु योजना के दिशा-निर्देश, द्रोणाचार्य अवार्डियों को भूमि आवंटन हेतु दिशा-निर्देश, अटल ज्ञान केंद्र तथा ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।