पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना इलाके में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राथमिकी जांच में हत्या की वजह पिता और पुत्र के बीच चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
भिरानी थाना अधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि वारदात सूरतपुरा गांव में है। यहां सोमवार को रिसाल सिंह राजपूत (65) की उसके बेटे राजेश ने पीट पीटकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना भिरानी पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में रिसाल का शव पड़ा हुआ था।
पुलिस ने शव के पास से एक लोहे का पाइप जब्त किया है। इसी पाइप से पीट-पीटकर राजेश ने पिता रिसाल सिंह की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी बेटे राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पिता पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
कविता पूनिया ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पिता-पुत्र के बीच चल रहे विवाद का पता लगाने की भी कोशिश कर रही है। आरोपी बेटा पुलिस की गिरफ्त में है। जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।