फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: गोवर्धन पूजा पर गांवों में दिखी आस्था की अनूठी छटा, महिलाओं ने गोबर से बनाई आकर्षक आकृतियां

Mon, 09 Nov 2026 12:02 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर के आसलपुर और जोबनेर सहित ग्रामीण इलाकों में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह पांच बजे से ही महिलाओं ने घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृतियां बनाईं। परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना और परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
 
विज्ञापन
जयपुर में गोवर्धन पूजा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्रामीण अंचलों में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया। दीपावली के अगले दिन सुबह करीब पांच बजे से ही गांवों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। भोर की पहली किरण के साथ घरों में चहल-पहल बढ़ गई। महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज की सुंदर आकृतियां बनाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान गांवों में 'गोवर्धन महाराज की जय' के जयकारे गूंजते रहे।
विज्ञापन


भोर होते ही शुरू हुई पूजा की तैयारियां
गोवर्धन पूजा के लिए महिलाएं सुबह जल्दी उठीं और गोबर एकत्रित कर घरों के आंगन और चौक में आकृतियां बनाने में जुट गईं। हर घर में महिलाओं ने अपनी कला और कल्पनाशीलता के अनुसार गोवर्धन महाराज का स्वरूप तैयार किया। किसी ने गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई तो किसी ने पारंपरिक तरीके से गोबर से अलग-अलग सुंदर चित्र उकेरे।

फूलों और रंगोली से सजाए पूजा स्थल
गोबर से बनाई गई आकृतियों को फूलों, रंगोली और सजावटी सामग्री से आकर्षक रूप दिया गया। कहीं गोवर्धन महाराज की आकृतियों के आसपास दीपक सजाए गए तो कहीं पूजा स्थल को रंग-बिरंगी सजावट से खास बनाया गया। महिलाओं ने पूरे उत्साह और पारंपरिक तरीके से पूजा की तैयारियां पूरी कीं।
विज्ञापन


परिवार सहित पहुंचे ग्रामीण, विधि-विधान से की पूजा
गांवों में हर परिवार ने अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की। महिलाएं पूजा की थाली में रोली, चावल, फूल, दीपक, मिठाई और प्रसाद लेकर पहुंचीं। इस धार्मिक आयोजन में बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी शामिल हुए। महिलाओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा कर परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छी वर्षा और खुशहाल जीवन की कामना की।

लोकगीतों और जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
सुबह से ही गांवों के घरों और मोहल्लों में धार्मिक माहौल नजर आया। कहीं महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाती दिखाई दीं तो कहीं बच्चे और बुजुर्ग पूजा में उत्साह से शामिल हुए। परिवार के सभी सदस्यों का एक साथ जुटना पर्व की खुशियों को और बढ़ा रहा था।

ग्रामीण संस्कृति और परंपरा से जुड़ा है पर्व
गोवर्धन पूजा ग्रामीण संस्कृति की ऐसी परंपरा है, जिसमें प्रकृति, गौवंश और परिवार के प्रति सम्मान की भावना जुड़ी हुई है। आधुनिकता के दौर में भी गांवों की महिलाएं पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को पूरे उत्साह से निभा रही हैं। गोबर से अपने हाथों से आकृतियां बनाना, उन्हें सजाना और परिवार के साथ पूजा करना ग्रामीण जीवन की संस्कृति और विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें