लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने बुधवार को संसद भवन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कोटा में खेल अवसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं के विकास पर चर्चा की। बैठक में कोटा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को उन्नत बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान ओम बिड़ला ने कोटा स्टेडियम में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या और जरूरतों को देखते हुए दो नए एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में कोटा के उभरते खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शहर में खेल सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बिड़ला ने कहा कि आधुनिक खेल परिसर विकसित कर, मौजूदा सुविधाओं का उन्नयन कर और विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर कोटा को देश का प्रमुख खेल केंद्र बनाया जा सकता है।
बैठक में कोटा और बूंदी क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत रोडमैप पर चर्चा हुई। इसमें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक खेल उपकरण, योग्य प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के अनुरूप खेल ढांचा विकसित करने पर सहमति बनी। बिड़ला ने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोटा में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें आधुनिक सुविधाएं और पेशेवर प्रशिक्षण मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
पढ़ें: मूक-बधिर छात्रों के धरने पर भड़की कांग्रेस, पायलट-डोटासरा और गहलोत ने साधा निशाना
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कोटा में खेल अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार देशभर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में ओम बिड़ला ने कोटा के ईएसआई अस्पताल में रिक्त पदों को जल्द भरने का मुद्दा भी उठाया, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो सकें। उन्होंने अस्पताल में अत्याधुनिक जांच मशीनें और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में इन प्रस्तावों को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उम्मीद जताई गई कि ईएसआई अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक और उन्नत चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। इस बैठक को कोटा के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और साथ ही श्रमिकों एवं स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक की प्रमुख घोषणाओं में कोटा स्टेडियम में दो नए एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण, कोटा-बूंदी क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण, भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों, विशेष रूप से 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के अनुरूप खेल ढांचे का विकास, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और कोचिंग सुविधाएं, ईएसआई अस्पताल के रिक्त पदों की प्राथमिकता से भर्ती तथा अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और उन्नत डायग्नोस्टिक मशीनों की स्थापना शामिल हैं।