धौलपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के दूं का पूरा गांव में गुरुवार को रेलवे ट्रैक पर पहुंची गाय को भगाने गई किशोरी ट्रेन की चपेट में आ गई। किशोरी ने गाय को बचा लिया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में मातम पसर गया। हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिजनों ने बताया 15 साल की किशोरी रूबी पुत्री साहब सिंह गुरुवार सुबह घर के सामने बैठी थी। इस दौरान घर के सामने से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर आवारा गाय पहुंच गई। गाय को ट्रैक से भगाने के लिए किशोरी वहां पहुंची, इस दौरान आगरा की तरफ से आ रही ट्रेन ने उसे चपेट में ले लिया। पल भर में किशोरी के शरीर के चिथड़े चिथड़े हो गए। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत होने से परिजनों में हाहाकार मच गया। मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
दुर्घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने हालातो का जायजा लेकर डेड बॉडी को जिला अस्पताल में रखवा दिया है। एएसआई थान सिंह ने बताया ट्रेन की चपेट में आने से 15 साल की किशोरी की मौत हुई है। गाय को बचाने के चक्कर में किशोरी खुद हादसे का शिकार हो गई। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दुर्घटना के कारणों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।