मुरारी लाल मीणा और सचिन पायलट।
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर के बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को कृषि उपज मंडी का शिलान्यास करने पहुंचे राजस्थान सरकार के मंत्री मुरारी लाल मीणा ने सचिन पायलट को जनाधार वाला नेता बताया है। साथ ही कहा कि पायलट लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। वे कभी शांत नहीं रह सकते हैं। उन्होंने कहा- कांग्रेस की फूट आगामी विधानसभा चुनाव में खत्म हो जाएगी। विकास के बल पर एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा पिछले 5 साल के शासनकाल में कांग्रेस आम जनता से जुड़ी रही है। विकास के काम किए गए हैं। कांग्रेस सरकार ने आमजन के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। बसेड़ी विधानसभा समेत समूचे प्रदेश में कॉलेज और स्कूलों के साथ सभी विकास के काम कराए गए हैं। कांग्रेस के शासनकाल में ऐतिहासिक काम किए गए हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी काम के बल पर जनता के बीच जाएगी और जनता समर्थन करेगी।
मंत्री मुरारी लाल मीणा ने कहा कि कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा में गुटबाजी अधिक है। वहां मुख्यमंत्री के बहुत दावेदार हैं। कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर मीणा ने कहा कि घर परिवार में बातें होती रहती हैं, लेकिन चुनाव को लेकर सभी एक हैं।