केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री गहलोत पर बोला हमला।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की गहलोत सरकार के एक आदेश ने प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी पैदा कर दी है। भाजपा पर तुष्टीकरण का आरोप लगाने वाले सीएम गहलोत इस आदेश से खुद ही घिर गए हैं। भाजपा नेता ने गहलोत पर जोरादार हमला बोला है। यह आदेश जोधपुर विद्युत वितरण निगम ने जारी किया है।
इसमें कहा गया कि रमजान का महीना होने के कारण रोजेदारों को गर्मी के मौसम में तकलीफ न हो इसलिए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बिना कटौती के विद्युतआपूर्ति की जाए। विद्युत विभाग के सहायक प्रबंध निदेशक आरएस बडियासर ने एक अप्रैल को यह आदेश जारी कर विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिए हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह पर ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया था। इस आदेश के बाद उनके बयान की चर्चा जोर शोर से शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर आदेश की कॉपी शेयर कर लिखा कि गहलोत सरकार के इशारे पर दिए गए आदेश को पढ़कर कांग्रेसी सोच से घृणा बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि जोधपुर क्षेत्र में रमजान के दौरान बिजली कटौती न किए जाने का "तुगलकी फरमान" वोट बैंक की राजनीति के चलते दिया गया है। इस तरह के हथकंडे सामाजिक वैमनस्य का कारण बनते हैं। गहलोत जी सत्ता आपकी है। आप सद्भाव के नाम पर एक को सेलेक्ट और दूसरे को नेगलेक्ट नहीं कर सकते। करौली में आपने अपना खेल कर लिया! हाथ जोड़कर निवेदन है कि कृपया मेरे जोधपुर को अपनी सांप्रदायिक साजिश से दूर रखे।
इधर, आदेश को लेकर हुए विवाद के बाद जोधपुर डिस्कॉम ने एक नया आदेश जारी कर दिया है। डिस्कॉम के एमडी प्रमोद टाक ने कहा कि गर्मी के कारण मुस्लिम बहुल्य इलाकों में बिजली कटौती नहीं करने की बात कही गई थी। हर त्योहार पर इस तरह के आदेश जारी किए जाते हैं। इस आदेश में भाषा की त्रुटि हो गई थी, जानकारी मिलते ही संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है।