फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चित्तौड़गढ़: हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन गिरफ्तार

Mon, 05 Oct 2026 05:14 PM IST
प्रतीक पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चित्तौड़गढ़

सार

चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम और पुलिस ने राजमार्ग किनारे खड़े ट्रकों और टैंकरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 145 लीटर डीजल, ईंधन चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक कंटेनर और दो ट्रक जब्त किए हैं।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम और पुलिस ने राजमार्ग किनारे खड़े ट्रकों तथा टैंकरों से ईंधन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके से चोरी का 145 लीटर डीजल, ईंधन निकालने में प्रयुक्त उपकरण, एक कंटेनर तथा दो ट्रक जब्त किए हैं। पुलिस की इस सतर्कता से हाईवे पर चालकों की मिलीभगत से चल रहे अवैध ईंधन की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
विज्ञापन


मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिला विशेष टीम के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार को एक मुखबिर से गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि भादसोड़ा मुख्य चौराहे पर स्थित प्यार माली के मकान के सामने दो ट्रक खड़े हैं और उनमें से अवैध रूप से डीजल निकाला जा रहा है। इस सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला विशेष टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और भादसोड़ा थाना पुलिस को भी सूचित कर मौके पर बुलाया।

दोनों पुलिस टीमों ने रणनीतिक बनाकर भादसोड़ा चौराहे के पास स्थित उस मकान के आसपास त्वरित घेराबंदी की। पुलिस कर्मियों ने वहां खड़े वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान दो ट्रकों से अवैध रूप से डीजल निकालने की गतिविधि रंगे हाथों पकड़ी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन


पकड़े गए आरोपियों की पहचान और संदिग्धों की भूमिका
पुलिस द्वारा पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान भादसोड़ा निवासी नानूराम पुत्र प्यारा माली, भीलवाड़ा जिले के फतेहपुर निवासी 29 वर्षीय मानसिंह पुत्र कैलाशचंद्र मीणा तथा भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के रायपुरिया निवासी 29 वर्षीय सांवरमल पुत्र मदनलाल गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में इन सभी आरोपियों की अलग-अलग भूमिका का स्पष्ट रूप से खुलासा हुआ है।

पकड़े गए आरोपियों में से मानसिंह स्वयं एक ट्रक चालक है। पुलिस जांच के अनुसार वह चालकों की मिलीभगत से अपने तथा अन्य ट्रकों से डीजल चोरी करवाने के अवैध कारोबार में शामिल था। इसके विपरीत, आरोपी नानूराम और सांवरमल चालकों की सहमति या मिलीभगत के बिना भी राजमार्ग पर खड़े वाहनों से चोरी-छिपे डीजल निकालकर उसे बेचने का कार्य करते थे। पुलिस ने घटना स्थल से 145 लीटर चोरी का डीजल, दो ट्रक, एक कंटेनर तथा ईंधन निकालने में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं।

चोरी के डीजल का विपणन और नेटवर्क की जांच
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी नानूराम माली अपने आवास के सामने से गुजरने वाले राजमार्ग पर खड़े होने वाले भारी वाहनों को निशाना बनाता था। चित्तौड़गढ़ और उदयपुर के मध्य आवागमन के दौरान सांवलियाजी प्राकट्य स्थल भादसोड़ा चौराहे के निकट बड़ी संख्या में ट्रक तथा टैंकर रुकते हैं। आरोपी इन्हीं वाहनों के चालकों से सांठगांठ करके या उनकी अनुपस्थिति में डीजल निकाल लेते थे।

ट्रक चालकों की मिलीभगत से निकाले गए डीजल को आरोपी अत्यंत सस्ते दामों पर खरीद लेते थे। इसके पश्चात, इचोरी के डीजल को स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमतों पर बेच दिया जाता था। पुलिस अधिकारी पड़ताल कर रहे हैं कि चोरी का डीजल किन स्थानीय ग्राहकों को बेचा जा रहा था। पुलिस की टीमें आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही हैं कि यह गिरोह कितने समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था और इसमें और कौन लोग शामिल हैं।

पूर्व में भी दर्ज हो चुके हैं मामले
पुलिस विभाग के अनुसार, जिस स्थान पर यह कार्रवाई की गई है, वहां पहले भी अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल के भंडारण तथा बिक्री के मामले सामने आ चुके हैं। पूर्व में आरोपी नानूराम माली के भाई प्रेम माली के पास से भी अवैध पेट्रोल व डीजल बरामद किया गया था। उस समय भी पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने के उद्देश्य से जांच आगे बढ़ा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें