झालावाड़ जिले में पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए एक कार से एक करोड़ 70 लाख रुपये की अफीम जब्त की है। साथ ही चार तस्कर भी गिरफ्तार किए हैं। झालावाड़ जिले के भवानी मंडी थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक कार से 16 किलो 670 ग्राम अफीम जब्त की है। साथ ही पुलिस ने तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त अफीम की कीमत एक करोड़ 70 लाख रुपये आंकी है।
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के साथ, वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान भवानी मंडी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी ली गई। कार की तलाशी के दौरान 16 किलो 670 ग्राम अफीम बरामद की गई। अवैध मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत एक करोड़ 70 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने कार में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे चारों आरोपियों दिनेश पुत्र देवीलाल निवासी गुराडिया जोगा, मुकेश पुत्र कैलाश चंद निवासी गुराडिया जोगा, मेहरबान पुत्र मोहनलाल निवासी लोलडा, कृष्ण कुमार पुत्र रामचंद्र लोलडा को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके जांच प्रारंभ कर दी है। बता दें कि झालावाड़ जिले के भवानीमंडी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ दिनों पहले भी क्षेत्र से एक करोड की अफीम जब्त की गई है।