राजस्थान के बारां जिले में चार दिन पहले ज्वेलरी शोरूम से 125 किलो चांदी की लूट करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने पांच किलो चांदी और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।
छीपाबड़ौद कस्बे में चार दिन पहले हुई चांदी लूट की वारदात स्थानीय बदमाशों ने मध्य प्रदेश के पारदी गैंग के साथ मिलकर की थी। इस मामले में थाना हरनावदा शाहजी हाल गुगोर रोड छबड़ा निवासी आरोपी तेज सिंह गुर्जर (35), सूरज खरवाल (24), प्रमोद सोनी (47) और कृष्णा कॉलोनी थाना छीपाबड़ौद निवासी प्रमोद उर्फ गोलू (29) को गिरफ्तार किया गया है।
खिड़की से लुटेरों को टोकने पर गुलेल से किया हमला
एसपी कल्याण मल मीना ने बताया कि 12 फरवरी को पीड़ित ज्वेलरी व्यवसायी गौतम चंद गोयल ने थाना छीपाबडौद पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह सर्राफा बाजार होली का खूंट के रहने वाले हैं। रिपोर्ट में कहा कि घर के नीचे ही उनकी सर्राफा की दुकान है। 11 फरवरी की शाम छह बजे के लगभग वह अपनी दुकान को बंद कर घर आ गए। 12 फरवरी को सुबह करीब तीन बजे खटपट की आवाज सुनाई देने पर झरोखे से बाहर देखा तो आठ से नौ आदमी छह-सात कट्टों में दुकान से सामान भरकर ले जाते दिखे। टोकने पर उन्होंने गुलेल से हमला कर दिया। अज्ञात लुटेरे बड़ी तिजोरी का गेट तोड कर 125 किलो चांदी और चांदी के जेवरात ले गए।
एफएसएल, एमओबी, डॉग स्क्वाड और साइबर सेल ने जुटाए सबूत
ज्वेलर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कल्याण मल मीना खुद मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर एफएसएल, एमओबी, डॉग स्कॉड और साइबर सेल की विभिन्न टीमों को मौके पर बुलवाकर सबूत जुटाए गए। घटना के खुलासे के लिए एएसपी जिनेंद्र कुमार जैन के नेतृत्व में सीओ पूजा नागर, एसएचओ छीपाबड़ौद चंद्र प्रकाश यादव, एसएचओ छबड़ा राजेश मीना और साइबर सेल प्रभारी सत्येंद्र सिंह की विशेष टीमों का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल के विश्लेषण से पकड़े लुटेरे
विशेष मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं, साइबर सेल के विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का खुलासा किया गया। इसके बाद आरोपी तेज सिंह गुर्जर, प्रमोद सोनी, प्रमोद उर्फ गोलू ब्राह्मण और सूरज खरवाल को गिरफ्तार कर बंटवारे में मिली करीब पांच किलो चांदी बरामद की गई। उनसे घटना में शामिल अन्य आरोपियों और बाकी की चांदी के बारे में, साथ ही चोरी की अन्य वारदातों के बारे में गहराई से पूछताछ की जा रही है।
बदमाशों ने एमपी की पारदी गैंग को वारदात में ऐसे किया शामिल
बारां के स्थानीय आरोपी तेज सिंह, बल्लू सांसी, प्रमोद उर्फ गोलू, सूरज खारवाल और प्रमोद सोनी ने लूट की घटना के लिए फरियादी ज्वेलर की दुकान को चिह्नित कर वारदात की योजना बना कर एमपी के गुना जिला के थाना धरनावदा अंतर्गत खेजड़ा निवासी पवन पारदी, गंगू पारदी और देवेंद्र पारदी, बालीखेड़ा निवासी रामकिशोर पारदी, केदार पारदी, सोनू पारदी, संजय पारदी और मिथुन पारदी और पारदी गैंग के अन्य सदस्यों से संपर्क किया।
इसके बाद बल्लू सांसी और सूरज खारवाल 11 फरवरी की रात पारदी गिरोह को अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठाकर कस्बा छीपाबड़ौद में लाए। फिर रात के समय पारदी गैंग के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। ये आरोपी वारदात करने से पहले रेकी करते हैं, उसके बाद घटना को अंजाम देते हैं।