विशेष पिछड़ों के रूप में आरक्षण की मांग को लेकर राजस्थान में आरक्षण के लिए गुर्जरों ने सोमवार से न्याय यात्रा शुरू की।
आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के नेतृत्व में निकल रही यह यात्रा दस दिन चलेगी। इसके बाद 21 मई को पीलू का पुरा में गुर्जर समाज महापंचायत होगी।
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रवक्ता हिम्मत सिंह गुर्जर के अनुसार यात्रा के दौरान दौसा, करोली, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर जिलों में सभाएं की जाएंगी।
उनका कहना है कि सरकार गुर्जरों के मामले में कुछ नहीं कर रही है। न्यायालय में भी सरकार मजबूती से पक्ष नहीं रख रही। न्यायालय में गुर्जरों का पक्ष रखने के लिए सोलिसिटर जनरल तीन बार अनुपस्थित रहे, लेकिन जाट आरक्षण के मामले में सोलिसिटर जनरल तुरंत पहुंचे।
हिम्मत सिंह का कहना है कि अब जनता के बीच जा कर न्याय मांगा जा रहा है और सरकार नहीं चेती तो आंदोलन का रास्ता खुला है। राजस्थान के गुर्जर आरक्षण की मांग को ले कर आठ वर्ष से ज्यादा समय से आंदोलन कर रहे हैं और हर गर्मियों में फसल का काम खत्म होने के साथ ही गुर्जर आरक्षण की मांग तेज कर देते हैं।