सेंट ज़ेवियर कॉलेज के छात्रों को एक बाउंसर को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गोल्फ रिसोर्ट के बाउंसर का कसूर बस इतना था कि उन्होंने इन छात्रों को पूल पार्टी में जाने से रोक दिया था।
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक बाउंसर घायल है और SMS हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। पांच को फायरिंग के मामले में और रिसोर्ट मैनेजर, पूल पार्टी ऑर्गेनाइज़र और दो अन्य को ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
घटना आगरा रोड स्थित कैम्बे गोल्फ रिसोर्ट पर रात करीब एक बजे घटी। घटना की जांच कर रहे एसएचओ सुगन सिंह ने बताया कि,"पूल पार्टी में कुछ लोग घुसने की कोशिश कर रहे थे। तभी एसयूवी में पांच लोग आए और पार्टी में घुसने लगे।"
उन्होंने बताया कि,"वहां खड़े लोगों ने उनका विरोध किया और उनके बीच लडाई होने लगी। एसयूवी से जो लड़के आए थे उनमें अभिमन्यु चौधरी, हैदर अली और संग्राम सिंह शामिल थे। इन सभी की उम्र 19 साल है।"
पुलिस ने बताया कि,"ये तीनों सेन्ट ज़ेवियर कॉलेज के छात्र हैं। दयाराम औऱ वेदप्रकाश अभिमन्यु के गनमैन और ड्राइवर हैं। ये दोनों भी गाड़ी में थे। अभिमन्यु के पिता हरियाणा में शराब का कारोबार करते हैं।"
एसएचओ ने बताया कि,"जिस वक्त अंदर घुसने को लेकर बवाल हो रहा था उस वक्त अभिमन्यु के गनमैन के फायर कर दिया। गोली बाउंसर को लगी जिसका नाम अबरार अहमद है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची, बाउंसर को अस्पताल पहुंचाया और पांचों को हत्या के प्रयास के मामले में हिरासत में ले लिया।"
पुलिस ने रिसोर्ट मैनेजर शुभाशीष बनर्जी, वहां नौकरी करने वाले हितेश शर्मा, डीजे मालिक तोताराम सैनी और पार्टी ऑर्गेनाइज़र सिमरजीत शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।