राजस्थान के जालौर में तेज रफ्तार एसयूवी ने बुधवार (24 मार्च) को छह बच्चों को रौंद दिया। इनमें पांच बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनमें दो छात्र और तीन छात्राएं शामिल हैं। वहीं, एक छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब सभी बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। पीड़ित बच्चे नौंवी व 10वीं के छात्र थे।
ऐसे हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा करदा-रानीवाड़ा रोड़ पर हुआ। उस वक्त सभी बच्चे स्कूल से अपने-अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एसयूवी की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद बच्चे कई फुट ऊपर हवा में उछल गए। इसके बाद कार सड़क किनारे उगी झाड़ियों में जा घुसी। पुलिस ने बताया कि एसयूवी को ड्राइवर सुरेश चला रहा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इन बच्चों ने गंवाई जान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रमिला देवासी, वर्षा देवासी, विक्रम कुमार, सुरेश कुमार और वीना के रूप में हुई। इस हादसे में कमला बुरी तरह जख्मी हो गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर दुख जाहिर किया। साथ ही, घायल छात्रा के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई।