भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा ने वार्ड 9 की पार्षद जसवंत कंवर को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। 2165 वोटों से जीतने वाली जसवंत ने नामांकन दाखिल किया। 21 सितंबर को चुनाव होगा। भाजपा के पास 45 पार्षद हैं।
भीलवाड़ा नगर निगम की सियासत में बुधवार को बड़ा मोड़ आया। भाजपा ने वार्ड 9 से निर्वाचित जसवंत कंवर (37) को महापौर पद के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके साथ ही नगर निगम को पहली महिला महापौर मिलने की संभावना मजबूत हो गई है। महापौर पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होना है।
जसवंत कंवर ने बुधवार को सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 70 में से 45 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ऐसे में महापौर चुनाव में भाजपा के पास पर्याप्त संख्याबल है। कांग्रेस की ओर से नामांकन अवधि समाप्त होने तक कोई प्रत्याशी सामने नहीं आया, जबकि निर्दलीय संतोष कंवर ने भी महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
2165 वोटों से जीती थीं जसवंत कंवर
सांसद बोले- 'न कोई खेमा था, न है और न रहेगा'
महापौर पद को लेकर भाजपा में अलग-अलग नामों और खेमों की चर्चाओं पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में "न कोई खेमा था, न खेमा है और न खेमा रहेगा।" उन्होंने कहा कि कोटा से लौटने के बाद उन्होंने पहले ही कहा था कि सभी मिलकर सर्वसम्मति से 70 टिकटों का फैसला करेंगे और पार्टी ने ऐसा ही किया। उन्होंने कहा कि जसवंत कंवर भी सर्वसम्मति की उम्मीदवार हैं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सभी की राय लेने के बाद उनके नाम पर मुहर लगाई है। अग्रवाल ने कहा कि पार्टी के सभी लोग जसवंत कंवर के साथ खड़े हैं और उनके नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास की नई दिशा में काम करेगा।
अब 21 सितंबर पर निगाहें
नामांकन के बाद अब सभी की निगाहें 21 सितंबर को होने वाले महापौर चुनाव पर टिक गई हैं। भाजपा के पास 45 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है, जबकि कांग्रेस के खाते में 10 और निर्दलीयों के खाते में 15 सीटें हैं। ऐसे में महापौर चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। भीलवाड़ा नगर निगम के इतिहास में पहली बार महापौर पद पर महिला की ताजपोशी होने जा रही है।