पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार सुबह करीब 4:15 बजे अजमेर रोड स्थित शिवम रिसोर्ट के पास फायरिंग हुई। दौसा कर रहने वाला 28 साल का सोनू गांधी पथ वैशाली में रहता है। वह आगरा रोड पर रहने वाले दोस्त दयाराम (27) और धर्मचंद चौधरी (30) के साथ जयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था। फॉर्च्यूनर गाड़ी से कमलेश (30) और वेदप्रकाश (29) ने पहले उनकी थार गाड़ी को टक्कर मारी। इसके बाद कमलेश और वेद प्रकाश ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दयाराम और धर्मचंद को गोली लग गई। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना पर भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एसएमएस अस्पताल में ले जाया गया, जहां से घायल दयाराम को इलाज के लिए ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, धर्मचंद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले सोनू ने थार गाड़ी कमलेश से खरीदी थी। इसके लेन-देन में हुए विवाद के चलते कमलेश और वेद प्रकाश ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
एसएचओ (भांकरोटा) श्रीमोहन मीणा ने बताया कि बदमाशों ने चार राउंड फायर किए। फायरिंग में पिस्टल का यूज किया गया है। मौके से दो खाली राउंड मिले हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के जानकार है और प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। इसी में हुए विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।