राजस्थान के धौलपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़के ने ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। वह पिता की डांट और पिटाई से नाराज था, जिसके चलते लड़के ने ऐसा कदम उठाया। लड़के के इस कदम से घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन घरवालों ने उसे जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला धौलपुर जिले की कोतवाली थाना इलाके है। घायल लड़के के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा नशे का आदी है। आए दिन वह नशा कर घर आता है। गुरुवार सुबह वह देर तक सो रहा था, उसके पिता उसे जगाने गए तो उसने उठने से मना कर दिया। इस पर पिता ने उसे डांटा और एक-दो थप्पड़ भी मार दिए।
इससे वह नाराज हो गया और ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लड़के का अस्पातल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इधर, अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि लड़के के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।