हादसे के बाद घायल को लाया गया अस्पताल।
- फोटो : Amar Ujala Digital
चूरू जिले के तारानगर तहसील के भालेरी थाना क्षेत्र के गांव बीकासी में गुरुवार दोपहर थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान किशन सिंह गांव रामपुरा के खेत में थ्रेसर मशीन से मूंग निकला रहा था तभी यह हादसा घटित हो गया। गंभीर हालत में परिजन किशन सिंह को चूरू के गवर्नमेंट डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से आई पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवा दिया, जहां भालेरी पुलिस के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। मृतक किशन सिंह के चचेरे भाई बलबीर सिंह ने बताया कि गांव बिकासी निवासी किशन सिंह (45) अपने खेत में कृषि कार्य करने के बाद पास के ही गांव रामपुरा के खेत गया था, जहां वह थ्रेसर मशीन से मूंग निकालने का कार्य कर रहा था।
मशीन में पांव से कटी फसल पर दवाब बनाते समय उसका पैर अचानक मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में किशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास काम कर रहे लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में किसी तरह मशीन से बाहर निकाला। उसे निजी वाहन से गवर्नमेंट डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।