केंद्रीय गृह मंत्रालय के विदेश विभाग के कर्मचारी सुरेंद्र कुमार को राजस्थान पुलिस ने जासूसी मामले में गिरफ्तार किया है।
इस पर पोकरण से पिछले महीने गिरफ्तार किए गए आईएसआई एजेंट सुमेर खान को कई अहम दस्तावेज देने का आरोप है।
एडिशनल डीजी दलपत सिंह दिनकर ने बताया कि दिल्ली में गृहमंत्रालय में विदेश विभाग में कार्यरत ग्रुप डी कर्मचारी सुरेंद्र सोमवार रात को खुफिया एजेंसियों द्वारा प्रारंभिक पूछताछ किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया।
सुरेंद्र को मंगलवार को एडिशनल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां उसे 7 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। दिनकर ने बताया कि सुरेंद्र को पूछताछ के लिए दिल्ली से रविवार को बुलाया गया था।
कुमार पर पाकिस्तानी जासूस सुमेर खान के साथ संपर्क का आरोप है। कॉल डिटेल के जरिए सुमेर खान और सुरेंद्र कुमार के बीच गहरे संपर्क की बात सामने आई है।
सुमेर को 24 फरवरी को पोकरण में वायु सेना के युद्धाभ्यास आयरन फिस्ट की फोटो और जानकारी पाकिस्तान स्थित आईएसआई में कार्यरत अपने मामा को भेजते पकड़ा गया था।