संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के चूरू जिले के दांदू गांव के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पांचवां युवक सुरक्षित है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। रविवार को दो मृतकों धर्मपाल झाझड़िया और नरेंद्र झाझड़िया के शव गांव पहुंचने पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले शनिवार को तीसरे मृतक अमीलाल झाझड़िया का अंतिम संस्कार हुआ था। हादसे में घायल विजेंद्र सिंह का दुबई के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुबई के एक होटल में काम करने वाले दांदू निवासी कृष्ण झाझड़िया ने बताया कि 1 नवंबर को रविवार की छुट्टी थी। इस दौरान कार चालक धर्मपाल (40) अपने चार साथियों अमीलाल (40), नरेंद्र (35), विजेंद्र सिंह और ओमप्रकाश मेघवाल को अपनी निजी डस्टर कार से कैंप लेकर गए थे। पांचों ने दिनभर वहां साथ समय बिताया। शाम को धर्मपाल चारों साथियों को उनकी कंपनी के कमरे पर छोड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान दुबई के जबजा क्षेत्र में एक मोड़ पर उनकी डस्टर कार की ट्रोले से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मपाल, अमीलाल और नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजेंद्र सिंह का इलाज जारी है, जबकि ओमप्रकाश मेघवाल सुरक्षित हैं।
दुबई में काम कर रहे भाइयों को मिली हादसे की सूचना
हादसे की जानकारी मिलने पर दुबई में काम कर रहे विजेंद्र के भाई श्रीचंद और धर्मपाल के भाई कृष्ण स्तब्ध रह गए। इसके बाद धर्मपाल के फूफा के बेटे राकेश मील और श्रीचंद ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और तीनों युवकों के शव भारत भिजवाने की व्यवस्था की।
कोई 11 साल से तो कोई कुछ दिन पहले ही गया था दुबई
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक रोजगार की तलाश में दुबई गए थे। इनमें धर्मपाल पिछले 11 वर्षों से दुबई की अजीजी कंपनी में बस चालक के पद पर काम कर रहे थे। वहीं, 40 वर्षीय अमीलाल करीब सात महीने पहले पहली बार मजदूरी करने दुबई गए थे। 35 वर्षीय नरेंद्र हादसे से महज आठ दिन पहले यानी 24 अक्टूबर को ही पहली बार दुबई पहुंचे थे।
हादसे में घायल विजेंद्र सिंह भी करीब छह महीने पहले ट्रांसगार्ड कंपनी में काम करने दुबई गए थे। वहीं, ओमप्रकाश मेघवाल भी दुबई की एक कंपनी में कार्यरत हैं। अमीलाल, विजेंद्र और धर्मपाल के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था।
घर की महिलाओं को नहीं दी गई थी हादसे की खबर
गांव में हादसे की सूचना पहुंचते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विजेंद्र के भाई श्रीचंद 12 नवंबर की रात दुबई से दांदू गांव पहुंचे थे। उन्होंने गांव के प्रमुख लोगों को हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने शुरुआत में घर की महिलाओं को इस दुखद घटना के बारे में नहीं बताया था। शनिवार को जब अमीलाल का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तब महिलाओं को हादसे की पूरी जानकारी दी गई।
किसी ने बेटे तो किसी ने गर्भवती पत्नी को छोड़ा पीछे
हादसे ने तीनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतक धर्मपाल अविवाहित थे। उनके परिवार में दो भाई मुकेश कुमार और कृष्ण कुमार हैं। वहीं, अमीलाल अपने पीछे 15 साल के बेटे और 12 साल की बेटी को छोड़ गए हैं। दोनों झुंझुनूं में पढ़ाई कर रहे हैं। अमीलाल के भाई का नाम संजय है।
हादसे में जान गंवाने वाले नरेंद्र की एक साल की बेटी है और उनकी पत्नी सात महीने की गर्भवती हैं। नरेंद्र के बड़े भाई का नाम गोविंद है। वहीं, घायल विजेंद्र सिंह के भाई प्यारेलाल और श्रीचंद हैं। दुबई में हुए इस हादसे ने दांदू गांव के कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है।