भोपाल के टैक्सी चालक पंकज साहू की झालावाड़ में निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने टैक्सी किराए पर लेकर चालक को बंधक बनाया और हत्या के बाद कार व मोबाइल लूट लिए। कार बेचने की फिराक में पकड़े गए चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
झालावाड़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन युवकों ने भोपाल से किराए पर टैक्सी बुक कर चालक की बेरहमी से हत्या कर दी और वाहन लेकर फरार हो गए। मृतक की पहचान भोपाल निवासी टैक्सी चालक पंकज साहू के रूप में हुई है। झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जुलाई को डाक बंगले के समीप रेलवे अंडरपास की झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को एसआरजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पहचान की कोशिश शुरू की।
विज्ञापन
इस बीच जिला स्पेशल टीम (DST) को तीनधार इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा संदिग्ध रूप से सस्ती कार बेचने की जानकारी मिली। टीम ने जब कार की जानकारी निकाली, तो पता चला कि वह भोपाल निवासी इस्लाम की थी, जिसे मृतक पंकज साहू टैक्सी के रूप में चलाता था। कार मालिक ने पहले ही मध्यप्रदेश में चालक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई हुई थी। DST टीम ने कार को मनीष नायक के कब्जे से जब्त किया और पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भोपाल से टैक्सी किराए पर ली थी और झालावाड़ पहुंचने के बाद चालक का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद कार और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या का मकसद सिर्फ कार और मोबाइल लूटना और उसे बेचकर ऐशो-आराम करना था।