जयपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित निम्स विश्वविद्यालय के निदेशक बी.एस. तोमर महिला कर्मचारी से 'नाजायज मांगों' के आरोप में फंसते नजर आ रहे हैं।
चंदवाजी पुलिस ने सबूतों के आधार पर मामले को प्रथमदृष्टया सही पाया है। चंदवाजी थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि तोमर और पीड़िता की कॉल डिटेल खंगालने पर पाया गया है कि पीड़िता को बार-बार तोमर ने फोन किए हैं।
पीडि़ता को नकदी देने और हवाई यात्रा का प्रलोभन देने की पुष्टि भी हो चुकी है। पीडि़ता के नाम से विमान का टिकट मिलने की भी पुलिस ने पुष्टि की है।
22 वर्षीय पीडि़ता ने मार्च 2013 को विश्वविद्यालय में टेलीकॉलर के पद पर नियुक्ति पाई थी। जून से निदेशक ने दोस्ती का दबाव बनाया और 15 हजार रुपए देते हुए, हवाई यात्रा करवाने, अच्छे होटल में ठहराने एवं अन्य प्रलोभन दिए। मना करने पर पीडि़ता को परेशान करनेवाले निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।