Dholpur: ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना है कि पूर्व में ये तीनों ग्राम पंचायतें बाड़ी पंचायत समिति के अंतर्गत आती थीं, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से इन पंचायतों को काट-छांट कर बसेड़ी पंचायत समिति में शामिल कर दिया था।
धौलपुर जिले की बसेड़ी पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत निधारा, धीमरी और इब्राहिमपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी पंचायत समिति बदलवाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना है कि पूर्व में ये तीनों ग्राम पंचायतें बाड़ी पंचायत समिति के अंतर्गत आती थीं, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से इन पंचायतों को काट-छांट कर बसेड़ी पंचायत समिति में शामिल कर दिया था। ग्रामीणों ने उस समय भी इस बदलाव का विरोध किया था, लेकिन उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी तहसील और थाना बाड़ी में स्थित हैं। साथ ही बाड़ी पंचायत समिति उनके गांव से मात्र 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि बसेड़ी पंचायत समिति लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में पंचायत समिति से जुड़े कार्यों के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत निधारा, धीमरी और इब्राहिमपुर को पुनः बाड़ी पंचायत समिति में शामिल किया जाए, ताकि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें सुविधा हो और अनावश्यक कठिनाइयों से बचा जा सके।