धौलपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। जहां मंडप में दूल्हे के हाथ कांपने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन को पुलिस ने भी मनाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन ने अपना फैसला नहीं बदला। दूल्हे को बेरंग बारात लेकर वापस लौटना पड़ा।
बता दें कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक शादी संपन्न हो जाने के बाद विदाई के वक्त दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। दुल्हन ने शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे के हाथ कांपने की बात कहते हुए शादी तोड़ दी। दुल्हन के इस फैसले से हड़कंप मच गया मामले को बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां आखिर में बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।
मामले को लेकर दुल्हन दीपिका पुत्री गिरीश कुमार ने बताया कि उसकी शादी करौली जिले के कल्याणी गांव के रहने वाले प्रदीप पुत्र रामजीलाल के साथ तय हुई थी। शादी के तय होने के बाद शुक्रवार को दूल्हा प्रदीप अपनी बरात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। बरात के घर पहुंचने के बाद शादी की सभी रस्में निभाई गई।
दुल्हन ने बताया कि मांग भरने के दौरान दूल्हे के हाथ कांपने लगे। जिस वजह से दूल्हा उसकी मांग नहीं भर पाया। वहीं दुल्हन के लगाए आरोपों पर दूल्हा प्रदीप ने बताया है कि दुल्हन उसे पर गलत आरोप लगा रही हैं। तीन बार दूल्हा देखने के बाद शादी तय हुई थी। दुल्हे ने दुल्हन पक्ष पर बिना वजह के दुल्हन की विदाई ना करने के आरोप लगाए हैं।
वहीं मामले को लेकर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल गिरीश कुमार ने बताया कि दुल्हन के मना करने के बाद दोनों पक्षों की समझाइश भी की गई। समझाइश के बाद भी दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी। जिसके बाद बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।