हादसे के बाद युवक को लाया गया अस्पताल।
- फोटो : Amar Ujala Digital
सदर थाना क्षेत्र के हलेपुरा गांव के पास शनिवार को मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घायल बाइक सवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंची सदर थाना पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। घटना से परिजनों को अवगत कराया गया है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय राजकुमार पुत्र पातीराम निवासी जगनेर जिला आगरा उत्तर प्रदेश शनिवार को बाइक पर सवार होकर धौलपुर में किसी रिश्तेदारी में शामिल होने आ रहा था। बाइक सवार जैसे ही सदर थाना क्षेत्र के हलेपुरा गांव के पहुंचा तो तेज रफ्तार में आ रहे मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को देकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना से पुलिस ने मृतक के परिजनों को अवगत करा दिया है। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में मातम पसर गया है। घटना को एएसआई प्रेम सिंह ने बताया ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हुई है।
दुर्घटना को अंजाम देकर ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। परिजनों की मौजूदगी में लाश का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया मुकदमा दर्ज कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।