धौलपुर में 17 फरवरी को रेलवे की लोको शेड से हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का रेलवे आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है। चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया है, चोर अभी तक फरार हैं। आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
रेलवे थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि रेलवे के लोको शेड से कुछ चोर लाखों रुपये की लोहे की कमानी और स्प्रिंग को चुराकर ले गए थे, जिसको लेकर रेलवे के उच्च अधिकारियों ने कई टीमों का गठन कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरपीएफ थाना धौलपुर की टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है, जिसमें पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में जानकी प्रसाद अग्रवाल (60) पुत्र गोकुल चंद निवासी कायस्थ पाड़ा, रवि (32) पुत्र जानकी प्रसाद अग्रवाल निवासी कायस्थपाड़ा और रामावतार (43) पुत्र बंगाली निवासी बरैठा मनियां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि लोको शेड से चोरी करने के दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, माल खरीदने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर रेलवे पुलिस पूछताछ कर रही है।
चोरी का खरीदा गया माल भी किया बरामद
रेलवे आरपीएफ पुलिस ने चोरों से चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कमानी स्प्रिंग एवं अन्य सामान को बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में चोर एवं माल खरीदने वाले आरोपियों में साठगाठ निकलकर सामने आई है।