धौलपुर में शुक्रवार देर शाम को निहालगंज थाना इलाके के सेक्टर नंबर 4 शास्त्री नगर में भगवान के मंदिर में भजन-कीर्तन कर रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सिर पर निर्माणाधीन मकान की सेंटरिंग प्लेट गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से मंदिर में श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। श्रद्धालु महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल भी लेकर पहुंचे थे। लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। स्थानीय पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर मुर्दाघर रखवा दिया है।
परिजनों के मुताबिक, 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला द्रोपदी पत्नी मेंबर जाट शुक्रवार शाम को सेक्टर नंबर 4 शास्त्री नगर में भगवान के मंदिर में अन्य महिलाओं के साथ भजन-कीर्तन में शामिल होने गई थी। मंदिर में भीड़ अधिक होने की वजह से बुजुर्ग महिला मंदिर के बाहरी हिस्से में बैठी हुई थी। मंदिर के बगल में निर्माणाधीन मकान पर काम चल रहा था। अचानक सेंटरिंग की बड़ी प्लेट दूसरी मंजिल से मंदिर के बाहरी हिस्से में बैठी बुजुर्ग महिला के सिर पर गिर गई, जिससे बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं द्वारा बुजुर्ग महिला को जिला अस्पताल भी पहुंचाया गया। लेकिन इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना बुजुर्ग महिला के परिजनों को दी गई। महिला की मौत की खबर सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल पर परिजन एवं पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना निहालगंज थाना पुलिस को दी गई। जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
उधर, घटना को लेकर सीओ सिटी सुरेश सांखला ने बताया कि निर्माणाधीन मकान से सेंटरिंग की प्लेट गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्माण करा रहे मकान मालिक द्वारा किसी भी प्रकार के सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। उन्होंने बताया, परिजनों द्वारा अभी तक रिपोर्ट नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।