धौलपुर पुलिस ने देवदूत बनकर परीक्षा में असफल रहे एक विद्यार्थी को फांसी के फंदे पर झूलने से पहले बचा लिया है। बीएससी नर्सिंग के फर्स्ट ईयर के विद्यार्थी ने परीक्षा में असफल होने पर आत्महत्या करने का निर्णय लिया था।
बता दें कि विद्यार्थी ने आत्महत्या का पोस्ट फेसबुक पर शेयर कर दिया। मेटा कंपनी ने तुरंत मामले से धौलपुर पुलिस को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देख पुलिस अधीक्षक के निर्देश में साइबर सेल सक्रिय हो गई और युवक को पड़कर समझाइश कर जान को बचा लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बसेड़ी का रहने वाला एक युवक ग्वालियर से पढ़ाई कर रहा है, जिसकी बीएससी नर्सिंग की फर्स्ट ईयर की परीक्षा में कई विषय में बैक लग गई थी। परीक्षा परिणाम आने के बाद युवक ग्वालियर से अपने घर बसेड़ी आया हुआ था। परीक्षा परिणाम के बाद मानसिक अवसाद आ गया। युवक ने अपने घर से ही फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर दी, जिसमें उसने रात 10 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कहकर पोस्ट कर दिया।
युवक के पोस्ट करते ही फेसबुक मेटा कंपनी ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। फेसबुक मेटा से मिली जानकारी के बाद एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देश में साइबर सेल प्रभारी नरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल के नेतृत्व में साइबर के कांस्टेबल अमित शर्मा ने युवक को घर पर पकड़ लिया। अन्य पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। युवक से समझाइश कर काउंसलिंग की गई। काफी समझाइश के बाद युवक ने गलत कदम नहीं उठाने के लिए पुलिस को आश्वस्त किया है।
मानसिक अवसाद में चला गया था युवक
बीएससी नर्सिंग फर्स्ट ईयर की परीक्षा में कई विषयों में फेल होने के बाद युवक मानसिक अवसाद में चला गया था। युवक ने बताया, उसका दिमाग बिल्कुल भी काम नहीं कर रहा था। निराशा और हताशा सामने दिखाई दे रही थी। असफल होने के बाद आत्महत्या करने का निर्णय लिया था। लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद अब उसका जीवन बदल गया है। अब जीवन में किसी प्रकार का गलत कदम नहीं उठाएगा।
एसपी ने दिखाई मामले में तत्परता
फेसबुक की मेटा कंपनी द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा तत्काल मामले में सक्रिय हो गए। साइबर सेल को मामले से तुरंत अवगत कराया गया। साइबर सेल की टीम ने फेसबुक पोस्ट से तुरंत युवक की पहचान कर बड़ी अनहोनी से बचा लिया है।