धौलपुर में सदर थाना इलाके के एनएच-11 बी पर बाड़ी की तरफ से धौलपुर आ रही रोडवेज बस का अगला टायर फटने से बेकाबू होकर झाड़ियों में चली गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस की स्टेरिंग को पकड़े रखा और गहरी खाई से बचाकर पेड़ से टकरा दिया। रोडवेज में बैठी सभी सवारियों की सांसें थम गईं थीं। चालक की कुशलता की बदौलत करीब 45 सवारियों की जान बच गई।
रोडवेज चालक जलील खान ने बताया, बुधवार को बाड़ी बस स्टैंड से रोडवेज बस में सवारियां भरकर धौलपुर के लिए रवाना हुए थे। एनएच-11बी पर चांदपुर गांव के नजदीक रोडवेज बस का अगला टायर फट गया, जिससे बस बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जाने लगी। चालक ने बताया, खाई से बचने के लिए स्टेरिंग को कसकर पकड़ लिया, जिसकी बदौलत खाई के किनारे होते हुए बस आगे जाकर पेड़ से टकरा गई। इस दौरान बस में बैठी हुई सभी सवारियों की चीख-पुकार निकल गई। रोडवेज बस पेड़ से टकराकर रुक गई। सभी सवारियां बस से सकुशल बाहर निकल गई।
इस दौरान मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। रोडवेज चालक की कुशलता एवं सूझबूझ की बदौलत बड़ा हादसा होने से टल गया। सवारियों के सुरक्षित निकलने पर सभी सवारियों ने रोडवेज चालक जलील खान की पीठ थपथपाई।
मेंटेनेंस के अभाव में हो रहे हादसे...
रोडवेज बसों के हादसे आए दिन देखने को मिल रहे हैं। रखरखाव एवं मेंटेनेंस के अभाव में दुर्घटना हो रही है। धौलपुर डिपो की बात की जाए तो अधिकांश रोडवेज बस जर्जर और खस्ताहाल में पहुंच चुकी हैं। कंडम बस कभी भी हादसे का शिकार हो जाती हैं। रोडवेज बसों के टायर के साथ अन्य उपकरण भी जर्जर हो चुके हैं। दुर्घटनाएं होने के बावजूद रोडवेज निगम सबक नहीं ले रहा है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।