धौलपुर में कोतवाली पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए गुलाबबाग चौराहे स्थित मुरैना रोड से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों ने आठ जून को भू-अभिलेख निरीक्षक के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लाखों की नकदी और आभूषण चोरों ने पार किए थे।
कोतवाली थाना प्रभारी अनिल कुमार जसोरिया ने बताया, हाउसिंग बोर्ड निवासी भू-अभिलेख निरीक्षक हरिओम शर्मा पुत्र छिद्धा सिंह के भतीजे की सात जून को लिली गार्डन में शादी थी। घर परिवार के सभी लोग मैरिज गार्डन में शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। घर को सूना देख अज्ञात चोर घुस गए। घर के अंदर रखें संदूक बक्सों के ताले तोड़कर लाखों की नकदी और आभूषणों को पार किया था। उन्होंने बताया, आठ जून को अज्ञात चोरों के खिलाफ पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में अनुसंधान शुरू किया। गहन अनुसंधान के बाद बुधवार को शातिर बदमाश 25 वर्षीय रवि पुत्र जगतपाल निवासी मुरैना एवं 26 वर्षीय मंगल सिंह पुत्र अनिल निवासी मुरैना को गुलाबबाग चौराहा स्थित मुरैना रोड से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया, दोनों बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। बदमाशों से चोरी किए हुए माल को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय पेश कर पीसी रिमांड पर लिया जाएगा। दोनों बदमाश से पुलिस पूछताछ कर रही है।