धौलपुर के सैंपऊ थाना इलाके में छह साल के बच्चे के साथ पड़ोसी युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाकर पार्वती नदी के पास कुकर्म करने का मामला सामने आया है। बच्चे को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
बता दें कि मामला छह जनवरी का सैंपऊ थाना इलाके के एक गांव का बताया जा रहा है। छह साल का बच्चा घर के सामने खेल रहा था। गांव का पड़ोसी युवक रामबरन (28) पुत्र चेतराम कुशवाहा बच्चे को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर पार्वती के जंगलों की तरफ ले गया। झाड़ियों में ले जाकर युवक ने बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य एवं कुकर्म किया। शाम को बच्चे को घायल अवस्था में छोड़कर युवक गांव से फरार हो गया। बच्चे के साथ हैवानियत की स्थिति देख परिजनों के होश उड़ गए। घायल अवस्था में बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों द्वारा बच्चे का उपचार किया जा रहा है।
घटना से परिजनों में भारी रोष देखा जा रहा है। उधर, घटना को लेकर थाना प्रभारी हरभान सिंह ने बताया, थाना इलाके के एक गांव में छह साल के बच्चे के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। बच्चे के परिजनों ने नामजद पड़ोसी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। बच्चे का मेडिकल कराया जाएगा।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना की है। गांव से आरोपी फरार हो चुका है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया, आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।