राजस्थान विधानसभा में बुधवार को एक रोचक नजारा देखने को मिला। यहां इस बात पर चर्चा की गई कि ‘बदतमीज’ शब्द संसदीय है या नहीं। हंगामा उस समय हुआ जब प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस के सचेतक गोबिन्द डोटासरा नगरीय विकास और स्वायत्त शासन मंत्री राजपाल सिंह शेखावत से प्रश्न पूछ रहे थे।
इसी दौरान सत्तादल के उप सचेतक मदन राठौड़ ने डोटासरा को अपने स्थान पर बैठने की हिदायत देते हुए इस शब्द का इस्तेमाल कर डाला। इसके बाद राठौड़ और डोटासरा के बीच तीखी नोक झोंक भी हुई।
भाजपा के घनश्याम तिवाडी ने विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल से यह शब्द कार्यवाही से निकालने का अनुरोध किया। लेकिन अध्यक्ष ने कहा कि वह विधानसभा की शब्दावली में इस शब्द के असंसदीय शब्दकोष में शामिल होने या नहीं होने की जांच करके ही व्यवस्था देंगे।