पुलिस ने घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती।
- फोटो : अमर उजाला
बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र के सांवलोर गांव में जमीन विवाद को लेकर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मां-बेटी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी को घायल अवस्था में बाड़मेर राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया।
चौहटन थाना पुलिस के अनुसार इलाके के सांवलोर गांव निवासी कानू देवी पत्नी जेठाराम और बेटी उषा घर पर थीं। बुधवार सुबह जेठाराम के भाइयों ने मां बेटी पर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया। आरोपी ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है। आसपास के लोगों की सूचना पर चौहटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटी को बाड़मेर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
जमीन के विवाद में जानलेवा हमला
चौहटन थाने के ASI नेनाराम ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मां बेटी पर हमला करने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।