राजस्थान के धौलपुर जिले के कॉलेज फाटक के पास करीब 25 साल के एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से शव के कई टुकड़े हो गए। जीआरपी रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। शव की शिनाख्त कर घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना इलाके में बुधवार सुबह कॉलेज रेलवे फाटक के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद घटना की सूचना रेलवे जीआरपी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी अनिल कुमार जसोरिया ने बताया लाश की पहचान अनीश जिला समस्तीपुर बिहार के रूप में हुई है। उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।