दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड के बड़ियाल कलां पंचायत के रलावता गांव में शानू गुर्जर की संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बीएसएफ जवान की पत्नी की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का संगीन आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका शानू गुर्जर (22) पुत्री प्रहलाद गुर्जर रलावता गांव की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले उसकी शादी विजयपुरा गांव निवासी दीपक गुर्जर के साथ हुई थी। दीपक गुर्जर भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) में जवान के पद पर तैनात है। शादी के बाद ड्यूटी के चलते दीपक वापस बॉर्डर पर चला गया था, जबकि शानू बांदीकुई कस्बे में स्थित अपने ससुराल के मकान में अपनी सास और ननद के साथ रह रही थी।
मौत से पहले पिता को किया था आखिरी फोन
पिता प्रहलाद गुर्जर ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे शानू का फोन आया था। वह फोन पर बहुत घबराई हुई थी और रो रही थी। उसने पिता से कहा- ‘पापा, ये लोग दहेज के लिए मुझे बहुत परेशान कर रहे हैं। सास और ननद रोज ताने मारती हैं। मुझे यहां बहुत डर लग रहा है, मेरी जान को खतरा है। आप जल्दी आकर मुझे यहां से ले जाओ।’ पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी को समझाया कि वह शाम तक उसे लेने आ जाएंगे, लेकिन इसके दो घंटे बाद ही ससुराल पक्ष से फोन आया कि शानू ने फांसी लगा ली है।
पिता ने कहा- ये आत्महत्या नहीं, हत्या है
बेटी की मौत की खबर सुनते ही पिता प्रहलाद गुर्जर परिवार सहित बांदीकुई पहुंचे। बेटी के शव को देखकर उनका आरोप और गहरा हो गया। पिता का कहना है कि उनकी बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। वह हिम्मती लड़की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सास, ननद और पति दीपक ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर दी और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। प्रहलाद गुर्जर ने कहा- ‘मैंने अपनी बेटी को बड़े अरमानों से BSF जवान के साथ ब्याहा था, सोचा था बेटी सुखी रहेगी, लेकिन दहेज के लोभियों ने मेरी फूल सी बच्ची को मार डाला।’
ये भी पढ़ें-
बांसवाड़ा में चुनाव के बाद सियासी बाड़ेबंदी: कांग्रेस प्रत्याशी रिसोर्ट में डटे; भाजपा प्रत्याशी गुजरात पहुंचे
परिजनों ने वीडियोग्राफी से पोस्टमार्टम की मांग की
घटना के बाद बड़ी संख्या में रलावता गांव के लोग बांदीकुई अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस के सामने मांग रखी कि-
- शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जाए और उसकी पूरी वीडियोग्राफी हो।
- घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच कराई जाए।
- मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और आखिरी कॉल की जांच की जाए।
- आरोपी पति, सास और ननद को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस जांच में जुटी
बांदीकुई थाना पुलिस ने पिता प्रहलाद गुर्जर की रिपोर्ट पर पति दीपक गुर्जर, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, मृतका का मोबाइल जब्त किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा और उसके आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल BSF जवान पति दीपक गुर्जर से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।