फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dausa News: नवविवाहिता की मौत पर अस्पताल में चले लात-घूंसे, पीहर और ससुराल पक्ष आपस में भिड़े, पति हिरासत में

Fri, 07 Aug 2026 07:53 AM IST
दौसा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा

सार

शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से जिला अस्पताल रणक्षेत्र में बदल गया। पीहर और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए, मारपीट हुई और हालात संभालने के लिए भारी पुलिस बल व आरएसी तैनात करनी पड़ी।
विज्ञापन
नवविवाहिता की मौत पर अस्पताल में बवाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के आलूदा गांव में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में पीहर और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामा हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और आरएसी के जवानों को तैनात करना पड़ा। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान काजू उर्फ काजल उर्फ कोमल मीणा के रूप में हुई है। घटना पापड़दा थाना क्षेत्र के आलूदा गांव की है।

विज्ञापन


पुलिस जब शव को इमरजेंसी वार्ड से पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी पीहर और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। झड़प में दो लोग घायल हो गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने शव को दोबारा इमरजेंसी वार्ड में सुरक्षित रखवाया। कई घंटे तक चले हंगामे और समझाइश के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच शव को मोर्चरी पहुंचाया गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आसपास के थानों का पुलिस जाब्ता और आरएसी के जवान मौके पर बुलाए गए। इसके बाद देखते ही देखते पूरा अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: 15 दिन में उजड़ गया परिवार: पति के बाद कोबरा के डसने से पत्नी की भी मौत, पांच बच्चों के सिर से उठा साया

पापड़दा थानाधिकारी कमलेश मीना ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आलूदा गांव की एक ढाणी में महिला ने फंदा लगा लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ।

हालांकि मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में बोलेरो गाड़ी की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि काजू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन


अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें