दौसा जिला अस्पताल में समजाइश करते विधयक
दौसा जिले के भांडारेज मोड़ पर करंट लगने से एक मजदूर की मौत के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय विधायक डीसी बैरवा मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
नींव में पानी भरते समय हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, बहरावंडा निवासी 24 वर्षीय कृष्ण बैरवा पुत्र सोहनलाल, बुधवार को मित्रपुरा पाडली सड़क पर एक मकान की नींव खोदने के बाद उसमें पानी भर रहा था। परिजनों का आरोप है कि पास के खेत में कृषि कार्य के लिए बिछाई गई बिजली की केबल कटी हुई थी, जिसकी चपेट में आने से कृष्ण को जोरदार करंट लगा और उसकी जान चली गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गुरुवार को जिला अस्पताल में एकत्र हुए ग्रामीणों और परिजनों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि युवक की साजिश के तहत हत्या की गई है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
ये भी पढ़ें:
जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, स्कूल के छात्र को वायुसेना की जिप्सी ने मारी टक्कर
विधायक ने दी सांत्वना
हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक डीसी बैरवा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की। विधायक ने मांग रखी कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़े और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाए। पुलिस ने फिलहाल समझाइश कर मामला शांत कराया है और जांच शुरू कर दी है।