दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में कोथून रोड पर बड़का पाड़ा के पास सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रॉन्ग साइड में आकर कार को टक्कर मार दी। हादसे में करौली जिले के बलवंतपुरा निवासी संतरा देवी की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे राकेश बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर, वाहन चालक तथा ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन इससे पहले ही ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
रॉन्ग साइड से आए ट्रैक्टर ने कार को मारी टक्कर
हेड कांस्टेबल शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसा कोथून रोड पर बड़का पाड़ा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गंगापुर सिटी से जयपुर जा रही कार को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने रॉन्ग साइड में जाकर टक्कर मार दी। कार में करौली जिले के बलवंतपुरा निवासी संतरा देवी (पत्नी लक्ष्मी नारायण बैरवा) और उनका बेटा राकेश बैरवा सवार थे।
मां की मौत, गंभीर हालत में बेटे को जयपुर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को एंबुलेंस की मदद से लालसोट जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटे राकेश बैरवा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर जयपुर रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
ट्रैक्टर जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया, जबकि क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे स्थित बड़का पाड़ा टोल प्लाजा के पास खड़ा कराया गया। मृतका संतरा देवी के शव का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।