दौसा जिले के लालसोट उपखंड मुख्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देर रात एक युवक नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर में घुस गया। जब घरवालों को कमरे से आवाजें सुनाई दीं तो वे जाग गए। युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक को बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं, लोगों ने उसके सिर के बाल भी काट दिए और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव में मचा हंगामा, लड़की के परिवार पर भी हमला
जानकारी के मुताबिक, मामला सोमवार देर रात का है। पुलिस के अनुसार, कस्बे का एक युवक रात के अंधेरे में उस समय लड़की के घर में घुस गया जब वह घर के बाहर पेशाब करने निकली थी। बताया जा रहा है कि युवक लड़की के कमरे तक पहुंच गया और जब परिजन जागे तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान वह लड़की के पिता और दादा से टकरा गया, जिससे दोनों गिरकर घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने युवक को बांधकर की पिटाई, बाल काटे
भागते हुए युवक को ग्रामीणों ने घेर लिया और पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया। गुस्साई भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई की और उसके सिर के बाल काट दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें कुछ लोग युवक को पीटते और अपशब्द बोलते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: गुजरात के पर्यटक रेस्टोरेंट का 10,900 रुपये बिल दिए बिना भागे, होटल मालिक ने पीछा कर पकड़ा
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, वीडियो की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही लालसोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई। एएसआई छतर सिंह ने बताया कि युवक को नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पोक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, वायरल वीडियो की जांच जारी है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है जो वीडियो में युवक की पिटाई करते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bharatmala Expressway Accident: शादी से लौट रही कार के उड़े परखच्चे, एक परिवार के तीन लोगों की मौत; दो गंभीर