जिले के फुलेला ईंट भट्टा से 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसे चित्रकूट (मध्यप्रदेश) ले जाने वाले आरोपी मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को यह सफलता मिली है।
मामले के अनुसार गत 3 मार्च को जिले के फुलेला ईंट भट्टे पर दो महीने से काम कर रहे मंजू गुर्जर और उसके बेटे दीपक ने यहां से एक 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया और उसे लेकर चित्रकूट भाग गए। दोनों शातिर आरोपियों ने भट्टे पर अपना नाम और पता भी गलत दर्ज कराया था।
दौसा जिला पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने बताया कि अपहृत नाबालिग बच्ची की तलाश के लिए बसवा थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब सौ से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखने और तकनीकी विश्लेषण करने के बाद साइबर टीम के सहयोग से मध्यप्रदेश के चित्रकूट से इन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।