एक्शन में दिखे मंत्री संजय शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की भजनलाल सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा लगातार एक्शन मूड में नजर आ रहे हैं। बुधवार को दौसा से जयपुर की ओर जाते समय हाइवे पर हरी लकड़ियों से भरा पिकअप नजर आया। पिकअप को रुकवाकर मंत्री ने कागजात दिखाने के लिए कहा, जो पिकअप चालक के पास नहीं थे। ऐसे में मंत्री ने वन विभाग को सूचना देकर कार्रवाई की बात कही।
उधर, परमिट नहीं होने की बात सुनते ही मंत्री शर्मा ने दौसा उपवन संरक्षक अजीत उचोई को मौके पर बुलाकर पिकअप की चॉबी सौंपी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपवन संरक्षक से कहा, लकड़ियों की अवैध कटाई एवं परिवहन को रोकें तथा आरा मशीनों की भी लगातार जांच करने के निर्देश देते हुए आरा मशीन संचालकों द्वारा अवैध काम तो नहीं किया जा रहा है।
बता दें कि दौसा में अवैध बजरी और लड़कियों का कारोबार परवान पर है। लेकिन कार्रवाई के नाम पर मामला गोल नजर आता है। अब मंत्री ने जांच करने के भी निर्देश दिए हैं, तो अब कुछ दिनों इंतजार करने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मंत्री संजय शर्मा के यह निर्देश कितने असरदार साबित होंगे।