दौसा जिले के झांपदा थाना क्षेत्र के निर्झरना गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास बने तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को ग्रामीणों की सूझबूझ से बचा लिया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
नहाते-नहाते गहरे पानी में पहुंचे मासूम
जानकारी के मुताबिक, निर्झरना गांव की मंडावतो की ढाणी के तीन बच्चे दोपहर को घर के पास बने तालाब में नहाने गए थे। शुरुआत में पानी उथला था, लेकिन खेलते-खेलते वे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए। अचानक पानी गहरा होने से तीनों बच्चे डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने एक बच्चे को तो निकाल लिया, लेकिन बाकी दो मासूमों को बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें- Udaipur News: औरंगजेब था कुशल... महाराणा प्रताप-अकबर पर सुखाड़िया विवि की कुलगुरु के बयान पर बवाल, ABVP भड़की
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर निकाले शव
घटना की सूचना पर झांपदा थाना प्रभारी सुनील टांक पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त प्रयास से बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। हादसे के करीब आधे घंटे बाद बच्चों को बाहर निकालकर लालसोट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान फौजी (9) और सुनील (7) के रूप में हुई है।
सुरक्षा इंतजाम की उठी मांग
हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के पास बने इस तालाब को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। थाना प्रभारी सुनील टांक ने बताया कि बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- ‘विकास देता था दुश्मनों का साथ, इसलिए गोलियों से उड़ाया’: आरजू बिश्नोई गैंग ने लिया मुनीम हत्याकांड का जिम्मा