दौसा के गुप्तेश्वर रोड पर राम मंदिर में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस का कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली दौसा पहुंचे थे। जहां उनके साथ दौसा लोकसभा में आने वाली आठ विधानसभाओं के कांग्रेस के विधानसभा उम्मीदवार, जिन्होंने कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा 2023 का चुनाव लड़ा था, वे मौजूद रहे।
बस्सी विधायक लक्ष्मण मीणा ने कहा, पहली पंक्ति में बैठे नेता ध्यान से समझ लें, दौसा में किसी भी उम्मीदवार को लोकसभा का टिकट देने से पहले यह बात देख लेना की कोई सरकारी अधिकारी जो रिटायर हुआ हो, उसे टिकट न दे दें। नहीं तो चुनाव नहीं जीत पाएंगे। बस्सी विधायक ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जिन लोगों ने भाजपा का साथ दिया, वे अब कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं। इसके बाद विधानसभा हार की बातें लगातार चर्चाओं में रहीं।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिंदुस्तान का किसान अपने देश की राजधानी में जाना चाहता है। लेकिन सरकार ने उनके लिए रोड पर कील और बड़े-बड़े बैरिकेड्स लगा रखे हैं। किसान कोई दूसरे देश में नहीं जा रहा, सिर्फ देश की राजधानी में जाकर अपने दुख और पीड़ा सुनाना चाहता है। लेकिन अभी वो राजधानी में घुसे भी नहीं और दूसरे स्टेट हरियाणा सहित कुछ प्रदेशों में किसानों को रबड़ की गोलियां मार रहे हैं। कल हरियाणा में एक लड़का वहां खड़ा था, जिसे रबड़ की गोली लगी और उसकी मौत हो गई।
पाकिस्तान से ड्रोन में हथियार आ रहे हैं, उन पर ध्यान नहीं
रंधावा ने कहा, अगर ध्यान ही रखना है तो पाकिस्तान से आने वाले ड्रोनों का रखना चाहिए, जिनमें हथियार आ रहे हैं। हर रोज इनलिगल वेपन और ड्रग्स पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत में आ रहे हैं। चाइना कैसे आगे बढ़ गया, इस पर किसी का ध्यान नहीं है। लेकिन जो देश के अन्नदाता हैं, उन पर लाठी और गोलियां बरसा रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट किसी पार्टी के साथ नहीं
वहीं, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने किसी आम आदमी या कांग्रेस पार्टी को लेकर नहीं किया। उन्होंने जस्टिस किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जो वोट है, उनकी गिनती करो और जिसकी वोटें ज्यादा पक्ष में हैं, उसे डिक्लीयर किया है। सुप्रीम कोर्ट किसी पार्टी के साथ नहीं है, वो सिर्फ न्याय के साथ है।
हम सिर्फ डेढ़ फीसदी वोटों से पीछे रहे
इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कहा, हमारी परफॉर्मेंस सबसे अच्छी रही है। हम मात्र डेढ़ फीसदी वोटों से पीछे रहे हैं। सरकार बदलते ही देखिए चिरंजीवी योजना कहां गई, जो पेपर लीक की बात करते थे। इनके दो महीने नहीं हुए कि पेपर लीक हो गया। इसमें अभी तक कोई एक्शन नहीं हुआ। इन सब बातों को हम लेकर जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा, कांग्रेस में कोई फूट नहीं है। 70 आदमी हमारे जीतकर आए हैं। कई प्रत्याशी हमारे 500 वोटों के कम अंतर से हारे हैं। थोड़ा मैनेजमेंट की कमी रही है। लोगों ने हमें नहीं हराया, कमी मेरे अंदर रह गई थी। मुझे थोड़ी सख्ती और बरतनी चाहिए थी, इसलिए कमी मुझसे हुई है।