प्रभारी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ अतिवृष्टि प्रभावित लोगों से संवाद करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को दौसा उपखंड क्षेत्र के महेश्वरा खुर्द और महेश्वरा कलां गांवों का दौरा कर अतिवृष्टि से उत्पन्न हालात का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने बांधों की स्थिति, खेतों में जलभराव और फसलों को हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं पुनर्भरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खेतों में जाकर किया नुकसान का निरीक्षण
प्रभारी मंत्री ने खेतों का दौरा कर विशेष रूप से बाजरे की फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हुई भारी बारिश के कारण खेतों में जलभराव हो गया और फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि नुकसान की भरपाई नियमानुसार की जाएगी और किसी भी किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
गिरदावरी और चिकित्सा सुविधाओं पर निर्देश
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि प्रभावित फसलों की गिरदावरी जल्द से जल्द करवाई जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने मौसमी बीमारियों के खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रभावित गांवों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- Sirohi Weather: लगातार बारिश से आबूरोड-माउंटआबू मार्ग बाधित, छोटे वाहनों की आवाजाही पर भी लगी सीमित रोक
किसानों को सहायता का आश्वासन
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अतिवृष्टि के प्रभावों को लेकर गंभीर है और हर प्रभावित व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक नुकसान का सटीक आंकलन करने और राहत कार्यों में इसे शामिल करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: उदयपुर में झमाझम बारिश का कहर; कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर तीन बकरियों की मौत