क्रेन के जरिए करंट लगने से मजदूर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले के नेशनल हाइवे-21 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानदोली गांव के पास ईसरदा प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान क्रेन का हुक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट लगने से मजदूर तेज बहादुर (45) पुत्र रामस्वरूप सैनी, निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही हुक बिजली की लाइन से छुआ, जोरदार धमाका हुआ और मौके पर अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग और वाहन चालक घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मजदूर को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिजनों और ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि यह हादसा क्रेन चालक की अनदेखी और लापरवाही के कारण हुआ। यदि सावधानी बरती जाती तो तेज बहादुर की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करंट लगने से हाइड्रो मशीन का सिस्टम फेल हो गया और पंप नीचे गिर गया। उनका कहना है कि अगर पंप मजदूरों के ऊपर गिरता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: फर्जी कंपनियां खोलकर निवेशकों संग 50 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, SOG ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
पुलिस और प्रशासन हरकत में आया
सदर थाने के ड्यूटी ऑफिसर हनुमान सिंह ने बताया कि मामला लापरवाही का प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, घटना के बाद परिजन और ग्रामीण गुस्से में थे और उन्होंने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना पर तहसीलदार राजेश सैनी, थानाधिकारी जहीर अब्बास खान, एईएन नितेश सैनी और रामनारायण सैनी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश कर ग्रामीणों को शांत कराया। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि हादसे की जांच कर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मृतक के परिजनों को नियमानुसार सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। लगभग तीन घंटे की बातचीत के बाद सहमति बनी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
यह भी पढ़ें- Kota News: पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, नशे में नाबालिग युवती को ले जा रहा था भगाकर