बर्थडे पार्टी के बाद दसवीं के छात्र की बेरहमी से पीटकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले के मंडावरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक बर्थडे पार्टी के बाद 18 वर्षीय युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को पार्टी में जबरन शराब पिलाकर लाठी और सरियों से बेरहमी से मारा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
दोस्त की बर्थडे पार्टी बनी मौत का कारण
जानकारी के मुताबिक, घटना धोलीपाल ढाणी की है, जहां निवासी मक्खनलाल मीणा (18) बुधवार रात अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गया था। पिता भोमाराम मीणा ने बताया कि बेटे को पहले जबरदस्ती शराब पिलाई गई, फिर लाठी और सरियों से बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक के दोनों हाथ-पैर और रीढ़ की हड्डी तोड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घायल अवस्था में खेत में फेंक गए आरोपी
पिता ने बताया कि पार्टी के बाद देर रात उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि मक्खन के हाथ-पैर तोड़ दिए गए हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो बेटा खाली खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को मंडावरी उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
यह भी पढ़ें- राजस्थान बस अग्निकांड: मृतकों की संख्या बढ़कर 22, परिजनों को मिलेगा 10 लाख मुआवजा, छह मरीज अब भी वेंटिलेटर पर
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया
जानकारी के मुताबिक, मक्खनलाल कक्षा 10वीं में पढ़ाई करता था। बुधवार शाम वह दिलराज और दिलखुश नामक दो दोस्तों के साथ पार्टी में गया था, जो एक अन्य युवक का जन्मदिन मना रहे थे। रात करीब 12 बजे परिजनों को फोन आया कि मक्खन खेत में घायल पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और छह नामजद व तीन-चार अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- Jaisalmer Bus Fire: हादसे के बाद चेती सरकार; बस सुरक्षा मानकों की जांच तेज, 66 बसें जब्त, हाई-लेवल कमेटी गठित