चोरी की झूठी रिपोर्ट के बाद घर से मिला सामान
जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में पत्नी को मायके से वापस बुलाने के लिए एक युवक द्वारा चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में चोरी की कहानी पूरी तरह झूठी निकली। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि पत्नी की सहानुभूति हासिल कर उसे वापस बुलाने के उद्देश्य से उसने यह साजिश रची थी। पुलिस ने झूठी सूचना देकर मामला दर्ज कराने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया।
लालसोट थाना प्रभारी हरलाल ने बताया कि राजेश सैनी, निवासी टोडा गंगा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर से करीब 3.50 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए घटनाक्रम और मौके की परिस्थितियों में कई विरोधाभास मिले। जिस रास्ते से चोरी होने का दावा किया गया था, वहां से घर में प्रवेश की कोई संभावना नहीं मिली। इससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और शिकायतकर्ता से गहन पूछताछ की गई।
ये भी पढ़ें: Ajmer: जेएलएन अस्पताल में गलत इलाज से मरीज की मौत? जांच रिपोर्ट बदलने से हुई गड़बड़, परिजनों ने किया हंगामा
पूछताछ में राजेश सैनी ने स्वीकार किया कि उसका पत्नी से मनमुटाव चल रहा था और पत्नी मायके में रह रही थी। कई प्रयासों के बावजूद वह वापस नहीं लौट रही थी। पत्नी की सहानुभूति हासिल कर उसे घर वापस बुलाने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि ससुराल पक्ष तत्काल पत्नी को भेजने के बजाय आपसी बातचीत से विवाद सुलझाना चाहता था। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। जांच के दौरान कथित रूप से चोरी गया पूरा नकद और आभूषण सुरक्षित मिले, जिससे स्पष्ट हो गया कि चोरी की घटना हुई ही नहीं थी।
पुलिस ने झूठी सूचना देकर मामला दर्ज कराने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में राजेश सैनी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।