भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मंगलवार को ASD (एब्सेंट, शिफ्टेड और डेड) मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार दौसा जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों से कुल 79 हजार 320 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
SIR से पहले जिले में 12 लाख 50 हजार 802 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के बाद अब जिले में 11 लाख 71 हजार 482 मतदाता शेष रह गए हैं। कटे हुए नामों में सबसे अधिक 49 हजार 864 मतदाता स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट पाए गए, जबकि 15 हजार 186 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी। इसके अलावा 9 हजार 296 मतदाता संबंधित पते पर अनुपस्थित मिले, 4 हजार 488 डबल वोटर पाए गए और 486 नाम अन्य कारणों से हटाए गए हैं।
कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में कटे सबसे ज्यादा नाम
गहन पुनरीक्षण में कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा के निर्वाचन क्षेत्र दौसा में सर्वाधिक 20 हजार 624 मतदाताओं के नाम कटे हैं। इसके बाद भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल के सिकराय विधानसभा क्षेत्र में 18 हजार 740 नाम हटाए गए। वहीं सबसे कम कटौती बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में हुई, जहां भाजपा विधायक भागचंद टांकड़ा के क्षेत्र से 11 हजार 719 मतदाताओं के नाम कटे हैं।
ये भी पढ़ें: Kota News: पुलिस ने 12.21 करोड़ के अवैध मादक पदार्थ जलाए, जांच में लापरवाही पर एसएचओ लाइन हाजिर
विधानसभावार स्थिति
बांदीकुई विधानसभा
SIR से पहले: 2,29,838
नाम कटे: 11,719
अब शेष: 2,18,119
महवा विधानसभा
SIR से पहले: 2,28,832
नाम कटे: 12,734
अब शेष: 2,16,098
सिकराय विधानसभा
SIR से पहले: 2,76,630
नाम कटे: 18,740
अब शेष: 2,57,890
दौसा विधानसभा
SIR से पहले: 2,48,627
नाम कटे: 20,624
अब शेष: 2,28,003
लालसोट विधानसभा
SIR से पहले: 2,66,875
नाम कटे: 15,503
अब शेष: 2,51,372
जिला कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची की दो प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही मतदाता सूची में दावे-आपत्तियों और नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 प्रस्तुत करने की जानकारी भी दी गई है। 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक मतदाता अपने नामों को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है। पहले जिले में 1236 मतदान केंद्र थे। पुनर्गठन के बाद 185 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिससे अब जिले में कुल 1421 मतदान केंद्र हो गए हैं। अब किसी भी विधानसभा क्षेत्र में 1200 से अधिक मतदाताओं वाला कोई मतदान केंद्र नहीं है।