जिले के लालसोट उपखण्ड मुख्यालय पर फल-सब्जी मंडी में बुधवार दोपहर एक मामूली सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक दुकानदार ने धारदार हथियार से दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक के बगल में गहरी चोट आई है, जबकि दूसरे युवक का हाथ जख्मी हो गया। दोनों को तुरंत लालसोट के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घायलों के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए मंडी के मुख्य गेट पर धरना दे दिया। धरने के कारण मंडी में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। फल-सब्जी से भरी गाड़ियां गेट के बाहर खड़ी रह गईं और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऐसे से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मनीष सैनी और रामकेश सैनी बुधवार दोपहर मंडी में किसी काम से आए थे। उन्होंने अपनी बाइक मंडी में एक आढ़तिया की दुकान के बाहर खड़ी कर दी। दुकानदार को यह नागवार गुजरा। उसने बाइक हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो दोनों पक्षों में सिर्फ बहस हुई लेकिन कुछ ही देर में मामला गरमा गया। दोनों पक्षों के लोग वहां इकट्ठा हो गए। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने गुस्से में आकर दुकान में बोरी काटने के लिए रखी धारदार वस्तु उठा ली और दोनों युवकों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मंडी में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। हमले में घायल दोनों युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने संभाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार एक युवक के बगल में लगी चोट काफी गहरी है, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दूसरे युवक के हाथ में टांके आए हैं।
मामले की सूचना मिलते ही लालसोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सत्यनारायण यादव ने बताया कि पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मंडी में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात किया है।
ये भी पढ़ें: केकड़ी: खेत के पास मिला युवक का लहूलुहान शव, हत्या की आशंका से सनसनी, एफएसएल टीम मौके पर जुटी
मंडी गेट पर धरना, जाम की स्थिति
घटना के बाद घायलों के परिजन पहले घायलों को लेकर लालसोट थाने पहुंचे। वहां से वे सीधे मंडी के मुख्य गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मंडी के अन्य लोग भी शामिल हो गए। धरने के कारण मंडी का मुख्य गेट जाम हो गया। अंदर से बाहर और बाहर से अंदर आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फल-सब्जी खराब होने की आशंका से व्यापारी भी परेशान दिखे। करीब एक घंटे तक मंडी में कामकाज ठप रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और मंडी समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। बाद में परिजन समेत कई लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
मंडी में पार्किंग की पुरानी समस्या
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लालसोट फल-सब्जी मंडी में पार्किंग की व्यवस्था ठीक नहीं है। मंडी में रोजाना सैकड़ों वाहन आते हैं लेकिन वाहनों के खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसी कारण आए दिन दुकानदारों और किसानों व ग्राहकों के बीच बाइक और ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद होता रहता है। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से स्थायी पार्किंग व्यवस्था करने और मंडी में सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने की मांग की है।
इलाके में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। घायलों के परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।